Chhattisgarh | New pace of development in Chhattisgarh, Finance Department approves major projects in Kunkuri
रायपुर, 11 नवम्बर 2025। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है। वित्त विभाग ने जशपुर जिले के कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र की कई प्रमुख परियोजनाओं को प्रशासकीय स्वीकृति और सैद्धांतिक सहमति प्रदान की है, जिससे क्षेत्र के इंफ्रास्ट्रक्चर, कृषि और स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
वित्त विभाग ने तुमला से मेडर (ओडिशा सीमा) तक 12.80 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए ₹27.73 करोड़ की स्वीकृति दी है। इस मार्ग से सीमावर्ती गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और स्थानीय व्यापार व सामाजिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
कृषि क्षेत्र को मजबूती देने के लिए मैनी नदी पर बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई योजना के लिए ₹79.38 करोड़ की मंजूरी दी गई है। इस योजना से किसानों को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलेगी और फसलों की उत्पादकता में वृद्धि होगी।
वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा कदम उठाते हुए कुनकुरी में नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय भवन के निर्माण हेतु ₹359 करोड़ की सैद्धांतिक सहमति दी गई है। इससे आदिवासी अंचल के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा का अवसर और क्षेत्रवासियों को उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
इसके अतिरिक्त, विकासखंड फरसाबहार की कोकिया व्यपवर्तन योजना को ₹16.17 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है, जिससे सिंचाई और जल प्रबंधन प्रणाली को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार का यह कदम विकास, कृषि, और स्वास्थ्य के क्षेत्र में समावेशी प्रगति की दिशा में एक सशक्त पहल है।
