केशकाल:- कोंडागांव जिले के केशकाल क्षेत्र में इन दिनों यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशानुसार केशकाल पुलिस द्वारा एक विशेष अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिससे लापरवाह वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है। इस अभियान के तहत शहर सहित केशकाल घाटी क्षेत्र में ओवरटेकिंग, ओवरस्पीडिंग, प्रेशर हॉर्न और बेवजह जाम लगाने जैसे खतरनाक कृत्यों पर विशेष नजर रखी जा रही है। उपनिरीक्षक गुलाब टंडन के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर चेक पोस्ट लगाकर सघन वाहन जांच की जा रही है।
जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए लगभग 13000 रुपए शुल्क वसूला गया हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। खासकर केशकाल घाटी जैसे संवेदनशील मार्गों में इस तरह की सख्ती बेहद जरूरी है।
केशकाल पुलिस की इस सक्रियता और सजगता की स्थानीय नागरिकों द्वारा भी सराहना की जा रही है। लोगों का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से न केवल यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि सड़क हादसों में भी कमी आएगी। पुलिस ने आम जनता से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग करने की अपील की है, ताकि सभी का सफर सुरक्षित और सुगम बन सके।
