Raipur Literature Festival | From 23rd to 25th January, ‘Raipur Literature Festival-2026’
रायपुर। छत्तीसगढ़ की साहित्यिक, सांस्कृतिक और वैचारिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से रखने के उद्देश्य से ‘रायपुर साहित्य उत्सव–2026’ का आयोजन 23 से 25 जनवरी तक किया जा रहा है। तीन दिवसीय यह साहित्यिक महोत्सव नवा रायपुर अटल नगर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित होगा। उत्सव में देशभर से नामचीन साहित्यकार, कवि, कथाकार, विचारक, पत्रकार, कलाकार और साहित्य प्रेमी शामिल होंगे।
रायपुर साहित्य उत्सव का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक-संस्कृति, साहित्यिक विरासत और बौद्धिक परंपरा को संरक्षित करना और नई पीढ़ी से जोड़ना है। इस दौरान साहित्यिक संवाद, समकालीन मुद्दों पर परिचर्चा, कविता पाठ, कथा सत्र, पुस्तक विमोचन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और कला प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। यह मंच साहित्य के साथ-साथ सामाजिक और वैचारिक विमर्श को भी नई दिशा देगा।
उत्सव के खास आकर्षण के रूप में ओपन माइक सत्र का आयोजन किया जा रहा है। इसके जरिए आम नागरिकों, युवाओं और नवोदित रचनाकारों को कविता, कहानी, गीत, विचार और नाट्य अंश के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। यह सत्र युवाओं में आत्मविश्वास और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देगा।
विद्यार्थियों और युवाओं को साहित्य से जोड़ने के लिए राज्य के स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में रायपुर साहित्य उत्सव की जानकारी साझा की जा रही है। आयोजकों का मानना है कि यह आयोजन युवाओं में भाषा, साहित्य और संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
रायपुर साहित्य उत्सव–2026 में देश के प्रतिष्ठित प्रकाशन समूहों की पुस्तक स्टॉल भी लगाई जाएंगी। यहां विभिन्न भाषाओं और विषयों की पुस्तकों से पाठकों को रूबरू होने और उन्हें खरीदने का अवसर मिलेगा, जो पुस्तक प्रेमियों के लिए खास आकर्षण रहेगा।
उत्सव में शामिल होने के लिए इच्छुक लोग आधिकारिक वेबसाइट www.raipursahityautsav.org पर पंजीयन कर सकते हैं। आमजन की सुविधा के लिए 23, 24 और 25 जनवरी को रायपुर शहर के विभिन्न स्थानों से पुरखौती मुक्तांगन तक निःशुल्क बस सेवा भी संचालित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस साहित्यिक महोत्सव का हिस्सा बन सकें।
