Koriya | धान का अवैध परिवहन रोकने प्रशासन ने खोद डाली सड़क, MP-CG बॉर्डर में आवागमन प्रभावित

कोरिया। छत्तीसगढ़ में मंगलवार से धान खरीदी की शुरुआत हो गयी है। दूसरे प्रदेश का धान छत्तीसगढ़ में न आ सके इसके लिए नाकेबंदी और जांच चौकी बानाये गए है। वहीं कोरिया में धान का अवैध परिवहन रोकने प्रशासन ने नया तरीका ईजाद कर डाला। अवैध परिवहन रोकने के लिए प्रशासन ने मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ आने वाली सड़क ही खोद डाली। सुदूर वनांचल क्षेत्र जनकपुर के सनबोरा से शहडोल मार्ग से मध्यप्रदेश का धान छत्तीसगढ़ न आ सके, इसके लिए प्रशासन ने सड़क की खुदाई कर दी। बता दें इस मार्ग पर लोगो की आवाजाही दिनभर होती है। मध्यप्रदेश की सीमा होने के कारण सड़क पर हलचल बनी रहती है। ऐसे में सड़क खोदे जाने पर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क खोदे जाने को लेकर लोगो का कहना है सड़क की खुदाई करने के बजाय जिला प्रशासन को अवैध धान की आवाजाही रोकने के उपाय करना चाहिए। सुरक्षा की व्यवस्था करना चाहिए न कि सड़क की खुदाई। ऐसे में यह कृत्य प्रशासन की नाकामी को दर्शाता है।
गौरतलब है कि खरीदी से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साफ शब्दों में अधिकारियों को चेताया है कि किसी भी हाल में धान बेचने वाले किसानों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने किसानों को हर तरह की सहूलियत देने और ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार ने धान खरीदी को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दो दिन पहले आयोजित कैबिनेट की बैठक में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी 1 दिसंबर से 31 जनवरी 2021 तक और मक्का की खरीदी 1 दिसंबर से 31 मई 2021 तक करने का फैसला किया है। मंगलवार से प्रदेश में 2 हजार 305 धान खरीदी केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी शुरू की जाएगी। इस वर्ष 257 नए धान खरीदी केंद्र बनाए गए हैं।