केशकाल | लो वोल्टेज से बर्बाद हो रही हैं फसलें, परेशान किसानों ने प्रशासन को दिया अल्टीमेटम ! 5 दिन बाद किसानों के साथ उग्र आंदोलन करेगी कांग्रेस….

Spread the love

नीरज उपाध्याय/केशकाल:- केशकाल विधानसभा क्षेत्र में साल दर साल लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या बढ़ती ही जा रही है। एक बार फिर गर्मी का मौसम आते ही लो वोल्टेज की समस्या से किसान त्रस्त हो गए हैं। पानी की समस्या के कारण बर्बाद हो रही फसलों से किसान आर्थिक के साथ साथ मानसिक रूप से भी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। बुधवार को जिला पंचायत सदस्य कपिल नाग के नेतृत्व में कांग्रेसी पदाधिकारियों व बड़ी संख्या में किसानों ने सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंप कर 5 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। समस्या का निराकरण नहीं होने पर किसानों के साथ मिल कर विद्युत कार्यालय का घेराव करने की बात भी कही है।

इस सम्बंध में जिला पंचायत सदस्य कपिल नाग ने बताया कि गर्मी का मौसम शुरू होते ही हमारे गांव में बिजली कटौती व लो वोल्टेज की समस्या काफी बढ़ गई है। जिससे हमारी फसलें प्रभावित हो रही हैं। कर्ज इतना बढ़ गया है कि हम आत्महत्या करने की कगार पर खड़े हैं। बावजूद इसके बिजली की समस्या का निराकरण नहीं हो रहा है। अगर जल्द से जल्द बिजली कटौती व लो वोल्टेज की समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो 2 दिनों के बाद हम सभी किसान सड़क पर उतरने पर विवश हो जाएंगे।

केशकाल ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश नेताम ने बताया की हमारे क्षेत्र में प्रतिदिन किसानों को बिजली की परेशानी झेलनी पड़ रही है। हर 10 मिनट में लाइट कट जाती है जिसके कारण फसले प्रभावित हो रही है। मैं स्वयं एक किसान हूं इसलिए मैं प्रशासन से आग्रह करता हूं कि जल्द से जल्द समस्या का निराकरण होना चाहिए।

वहीं विद्युत विभाग के सहायक अभियंता एल.एस टेकाम ने बताया कि इस उप संभाग में लगभग 8-9 हजार मोटर पंप के कनेक्शन हैं। ऐसे में गर्मी के मौसम में यहां लोड बढ़ जाता है। 132 केव्ही सब स्टेशन कांकेर व मसोरा के बीच अधिक दूरी होने के कारण क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या आ रही है। इसके स्थाई समाधान हेतु जामगांव में 132 केव्ही सब स्टेशन निर्माण करवाया जा रहा है जो कि 15 महीनों में पूरा हो जाएगा। साथ ही अस्थायी समाधान हेतु ट्रांसफार्मर में सँड कैपेसिटर लगाया जा रहा है, जिससे किसानों को वोल्टेज में बढ़ोतरी मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *