केशकाल | छत्तीसगढ़ की जनता के लिए तीसरा विकल्प बनी आम आदमी पार्टी- जुगलकिशोर बोध

नीरज उपाध्याय/केशकाल:- छत्तीसगढ़ की 90 विधानसभा सीटों में आगामी 7 नवम्बर को मतदान होने वाले हैं। इस बार कांग्रेस, भाजपा एवं जोगी कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी और हमर राज पार्टी ने भी मजबूती से अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। इसी क्रम में केशकाल विधानसभा से आम आदमी पार्टी ने लगातार दूसरी बार जुगलकिशोर बोध पर विश्वास जताते हुए उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी पिछले 2-3 वर्षों से लगातार ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर अपने कार्यकर्ताओं टीम बनाने में जुटे हुए थे। उन्हीं कार्यकर्ताओं के मेहनत की बदौलत आम आदमी पार्टी इस बार अपनी जीत का दावा कर रही है।
रविवार को आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी जुगलकिशोर बोध ने प्रेस कांफ्रेंस कर कांग्रेस और भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। जुगलकिशोर बोध ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने 15 वर्षों तक भाजपा और 5 वर्षों तक कांग्रेस की सरकार को मौका देकर देख लिया। अब जनता ने अपना मूड बना लिया है, और इस बार आम आदमी पार्टी की बारी है।
बोध ने कहा कि हमारी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने छत्तीसगढ़ की जनता के लिए अनेकों गारण्टी दी है। यदि हमारी सरकार बनेगी तो हम उन सभी वादों को पूरा करेंगे। और हमें पूरा विश्वास है कि केशकाल विधानसभा में भी हम प्रचंड मतों के साथ जीत हासिल करेंगे।