Gariaband Ashleel Dance Case | Dancer arrested
रायपुर। गरियाबंद जिले के उरमाल गांव में हुए अश्लील डांस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। देवभोग पुलिस ने ओडिशा की रहने वाली डांसर सुचित्रा जेना को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को ओडिशा के जाजपुर जिले से तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर पकड़ा गया। मामले की दूसरी डांसर निशा महाराणा की तलाश जारी है, जिसने कार्यक्रम से पहले प्रचार के लिए आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि भीड़ जुटाने के मकसद से डांसर्स ने पहले ही अश्लील वीडियो वायरल किए थे। वीडियो सामने आते ही गांव में विरोध शुरू हुआ और शिकायत पुलिस तक पहुंची। इसके बाद देवभोग थाना पुलिस ने केस दर्ज कर तलाश तेज की थी।
SDM की मौजूदगी ने बढ़ाया मामला
यह मामला तब और गंभीर हो गया, जब खुलासा हुआ कि कार्यक्रम के दौरान अश्लील डांस SDM की मौजूदगी में हुआ। आरोप है कि मंच पर ऑर्केस्ट्रा की डांसर्स आपत्तिजनक नृत्य कर रही थीं और मौके पर मौजूद SDM तुलसी दास मरकाम व कुछ पुलिसकर्मी पैसे लुटाते और वीडियो बनाते नजर आए।
वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया। गरियाबंद कलेक्टर भगवान सिंह उइके ने SDM तुलसी दास मरकाम को तत्काल पद से हटा दिया। पूरे मामले की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है। आयोजन समिति के 14 सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि SDM के खिलाफ औपचारिक जांच आज से शुरू हो गई है।
सूरजपुर में भी पहले हो चुका है ऐसा मामला
गरियाबंद से पहले सूरजपुर जिले में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। फॉरेस्ट विभाग के रेस्ट हाउस में अश्लील डांस का वीडियो वायरल होने के बाद सरगुजा के CCF दिलराज प्रभाकर ने डिप्टी रेंजर और फॉरेस्टर को सस्पेंड किया था। तत्कालीन रेंजर को नोटिस जारी हुआ था और DFO ने सूरजपुर SP को पत्र लिखकर एफआईआर की मांग की थी। यह वीडियो रामानुजनगर ब्लॉक के कुमेली रेस्ट हाउस का बताया गया था।
