Chhattisgarh: Uproar in the Assembly over the Class 12 Hindi paper, Congress alleges leak
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में 12वीं बोर्ड के हिंदी पेपर को लेकर जमकर सियासी घमासान देखने को मिला। कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने सदन में आरोप लगाया कि 12वीं का हिंदी पेपर लीक हुआ है और इससे कुछ छात्रों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की गई है।
देवेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश की स्कूली शिक्षा व्यवस्था पहले से सवालों के घेरे में है और अब पेपर लीक की खबर सामने आने से मामला और गंभीर हो गया है। उन्होंने आशंका जताई कि सिर्फ हिंदी ही नहीं, अन्य विषयों के पेपर भी लीक हो सकते हैं।
कांग्रेस विधायक ने सरकार से मांग की कि इस मामले में तुरंत FIR दर्ज की जाए और निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
हालांकि इस मामले पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने पेपर लीक की बात से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कहीं भी 12वीं का पेपर लीक नहीं हुआ है।
मंत्री के मुताबिक आधी रात को एक छात्र संगठन ने जानबूझकर कुछ सवाल व्हाट्सऐप ग्रुप में वायरल किए थे। मामले की जांच के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल को निर्देश दे दिए गए हैं और अगर जांच में कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
