Chhattisgarh | जनता की समस्याओं के समाधान में राज्य प्रशासनिक सेवा की अहम भूमिका : मुख्यमंत्री साय

Spread the love

Chhattisgarh | State Administrative Service plays an important role in solving public problems: Chief Minister Sai

रायपुर, 26 सितंबर 2025। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में राज्य प्रशासनिक सेवा (RAS) के प्रशिक्षु अधिकारियों से सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि प्रशासन की असली धुरी राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी होते हैं, जो जनता की समस्याओं को सीधे तौर पर हल करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन नीतियाँ बनाता है, लेकिन उनका प्रभावी क्रियान्वयन प्रशासनिक अधिकारियों पर ही निर्भर करता है। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा— “यह आपका सौभाग्य है कि आपको जनता की सेवा का अवसर मिला है। इसे पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाएँ।”

मुख्यमंत्री श्री साय ने नक्सल समस्या पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह का लक्ष्य है कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का पूरी तरह उन्मूलन हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सफलता के बाद छत्तीसगढ़ और तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ेगा और उस समय राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की जिम्मेदारी और बढ़ जाएगी।

उन्होंने विशेष रूप से जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि डिप्टी कलेक्टर बनने के बाद प्रशिक्षु अधिकारियों को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक पारदर्शिता पर बल देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ पहला राज्य है, जहाँ सुशासन एवं अभिसरण विभाग बनाया गया है और ई-ऑफिस प्रणाली लागू की गई है। साथ ही राज्य की नई औद्योगिक नीति से अब तक साढ़े 7 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी के संचालक श्री टी.सी. महावर ने जानकारी दी कि 2024 बैच के 13 और 2021 बैच के एक प्रशिक्षु अधिकारी का इंडक्शन कोर्स अब पूरा हो रहा है। अब सभी अधिकारी विभिन्न जिलों में डिप्टी कलेक्टर के रूप में पदस्थ होकर शासन की कार्यप्रणाली को समझेंगे।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी के संयुक्त संचालक श्री प्रणव सिंह भी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *