Chhattisgarh | माड़ डिवीजन के नाम से प्रेस नोट जारी

Spread the love

Chhattisgarh | Press note issued in the name of Maad Division

रायपुर। बस्तर में एक बार फिर नक्सली गतिविधियों को लेकर हलचल तेज हो गई है। लंबे समय बाद माओवादी संगठन की ओर से एक नया प्रेस नोट सामने आया है, जो माड़ डिवीजन कमेटी की सचिव रणीता के नाम से जारी बताया जा रहा है।

इस प्रेस नोट में रणीता ने खुद को ‘जेनजी नक्सली’ बताते हुए साफ कहा है कि माओवादी संगठन आत्मसमर्पण नहीं करेगा और उनकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। बयान में देशभर में हिंसक गतिविधियों को जारी रखने की बात भी कही गई है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।

दरअसल, इससे पहले माओवादी नेता रूपेश के आत्मसमर्पण के बाद माड़ डिवीजन कमेटी को लगभग खत्म माना जा रहा था। लेकिन अब अचानक सामने आए इस प्रेस नोट ने सुरक्षा एजेंसियों के सामने नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस प्रेस नोट की सत्यता की जांच कर रही हैं। अधिकारी यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि यह बयान सच में माओवादी संगठन की ओर से जारी हुआ है या इसके पीछे कोई और रणनीति काम कर रही है।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने देश से नक्सलवाद खत्म करने के लिए 31 मार्च 2026 की समय सीमा तय की है। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा भी कह चुके हैं कि यह प्रक्रिया तय समय के मुताबिक आगे बढ़ रही है। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हाल ही में बस्तर दौरे के दौरान कहा था कि सुरक्षा बलों के लगातार ऑपरेशन से नक्सली बैकफुट पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *