Chhattisgarh | फामेश्वरी यादव बनीं छत्तीसगढ़ की पहली महिला अग्निवीर, मुख्यमंत्री ने दी बधाई

Chhattisgarh | Faameshwari Yadav became the first female Agniveer of Chhattisgarh, Chief Minister congratulated her
राज्य की बेटियों के लिए प्रेरणा बनीं गरियाबंद की 21 वर्षीय युवती
रायपुर, 29 मार्च 2025। गरियाबंद जिले की 21 वर्षीय फामेश्वरी यादव ने इतिहास रचते हुए छत्तीसगढ़ की पहली महिला अग्निवीर बनने का गौरव हासिल किया है। वह भारतीय सेना की अग्निवीर महिला सैन्य पुलिस (WMP) में चयनित हुई हैं। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह केवल एक व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि राज्य की बेटियों की हिम्मत और देशभक्ति का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “फामेश्वरी यादव ने यह साबित कर दिया कि अगर संकल्प दृढ़ हो तो कोई भी सपना हकीकत बन सकता है। उनकी यह उपलब्धि राज्य की अन्य युवतियों को भी प्रेरित करेगी और उन्हें सेना सहित अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने की हिम्मत देगी। छत्तीसगढ़ सरकार बेटियों के सशक्तिकरण और राष्ट्रसेवा के हर कदम में उनके साथ है।”
बेंगलुरु में मिलेगा सैन्य प्रशिक्षण
24 मार्च 2025 को घोषित परिणामों के अनुसार, चयनित होने के बाद फामेश्वरी 1 मई 2025 से बेंगलुरु स्थित सेना मिलिट्री पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में अपना प्रशिक्षण प्रारंभ करेंगी। सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर द्वारा उन्हें विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया।
फामेश्वरी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता से प्रदेश की बेटियों को सेना में करियर बनाने के लिए नई प्रेरणा मिलेगी।