Chhattisgarh | आर्थिक सर्वेक्षण में 11.57% ग्रोथ का दावा, प्रति व्यक्ति आय भी बढ़ी

Spread the love

Chhattisgarh | Economic Survey claims 11.57% growth, per capita income also increased

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सदन में आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 पेश करते हुए राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती से आगे बढ़ता बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) 11.57 प्रतिशत की दर से बढ़कर 6.31 लाख करोड़ रुपए होने का अनुमान है।

आर्थिक सर्वेक्षण के मुताबिक कृषि, उद्योग और सेवा तीनों प्रमुख क्षेत्रों में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है। 2025-26 के लिए कृषि क्षेत्र में 12.53 प्रतिशत, उद्योग क्षेत्र में 10.26 प्रतिशत और सेवा क्षेत्र में 13.15 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान जताया गया है। स्थिर भावों पर यह वृद्धि 8.11 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

वित्त मंत्री ने बताया कि वर्ष 2024-25 में भी राज्य की अर्थव्यवस्था ने 10.50 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की थी। इस दौरान कृषि क्षेत्र में 11.76 प्रतिशत, उद्योग में 9.91 प्रतिशत और सेवा क्षेत्र में 10.08 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।

सरकारी योजनाओं के सकारात्मक प्रभाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की प्रति व्यक्ति आय में भी इजाफा हुआ है। वर्ष 2025-26 में प्रति व्यक्ति आय 1,79,244 रुपए होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष 2024-25 की तुलना में 10.07 प्रतिशत अधिक है।

आर्थिक सर्वेक्षण में राज्य की वित्तीय स्थिति को संतुलित और विकासोन्मुख बताया गया है। सरकार का दावा है कि कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र में निरंतर निवेश और योजनाओं के प्रभाव से छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था आने वाले वर्षों में और मजबूत होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *