Chhattisgarh | Diwali gift for employees… Advance salary will be given on October 17-18
रायपुर, 17 अक्टूबर 2025। दीपावली से पहले राज्य शासन ने अपने शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर शासन ने माह अक्टूबर 2025 का वेतन अग्रिम रूप से 17 और 18 अक्टूबर को भुगतान करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय कर्मचारियों की सुविधा और उत्सव की खुशियों को ध्यान में रखकर लिया गया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, “मेरे लिए शासन केवल एक तंत्र नहीं, बल्कि उन कर्मठ साथियों का परिवार है जो पूरे मन से जनता की सेवा में लगे हैं। दीपावली पूर्व अग्रिम वेतन भुगतान का यह निर्णय उसी आत्मीयता का प्रतीक है कि सरकार अपने हर साथी की खुशियों में सहभागी बने।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली का पर्व प्रसन्नता, एकता और उत्साह का प्रतीक है, और सरकार चाहती है कि हर अधिकारी-कर्मचारी अपने परिवार सहित यह पर्व उल्लासपूर्वक मना सके, बिना किसी आर्थिक असुविधा के।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने सभी विभागों को अग्रिम वेतन भुगतान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही, शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मजदूरी, मानदेय और पारिश्रमिक जैसे अन्य मदों में भी नियमानुसार अग्रिम भुगतान किया जा सकेगा।
वेतन वितरण की प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए राज्य के सभी कोषालय एवं उपकोषालय 18 अक्टूबर (शनिवार, अवकाश दिवस) को भी खुले रहेंगे, ताकि किसी कर्मचारी को भुगतान में कठिनाई न हो।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दीपावली पूर्व अग्रिम वेतन भुगतान से कर्मचारियों को आर्थिक राहत तो मिलेगी ही, साथ ही इससे बाजारों में रौनक, व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि और राज्य की अर्थव्यवस्था में उत्सव का माहौल बनेगा। इस निर्णय से स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
साय ने कहा कि शासन का हर निर्णय अपने कर्मठ साथियों की खुशियों और सम्मान से जुड़ा है। दीपावली से पहले अग्रिम वेतन भुगतान उसी भावना का प्रतीक है कि हर घर में उजियारा फैले और हर हृदय में प्रसन्नता एवं विश्वास का दीप जले।
