Chhattisgarh | Deepak Baij met Lakhma in jail, said – he will get bail in February
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज शनिवार को रायपुर सेंट्रल जेल पहुंचे, जहां उन्होंने शराब घोटाले के मामले में बंद कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री कवासी लखमा से मुलाकात की। जेल के अंदर बैज ने लखमा का हालचाल जाना और उनकी सेहत को लेकर बातचीत की।
मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा में दीपक बैज ने कहा कि कवासी लखमा पार्टी के सीनियर और मजबूत आदिवासी नेता हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि फरवरी महीने में कोर्ट से लखमा को जमानत मिल जाएगी। बैज ने कहा कि जेल से बाहर आने के बाद लखमा बस्तर ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस को फिर से मजबूती देने का काम करेंगे।
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि एक प्रभावशाली आदिवासी नेता को चुनकर राजनीतिक बदले की भावना से जेल भेजा गया है। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस इस कार्रवाई को चुपचाप स्वीकार नहीं करेगी और पूरे प्रदेश में इसके खिलाफ आवाज उठाई जाएगी।
बैज ने यह भी बताया कि पहले कवासी लखमा की तबीयत ठीक नहीं थी, लेकिन अब उनकी सेहत में सुधार है। उन्होंने कहा कि 23 फरवरी से विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो रहा है और पिछले करीब एक साल से लखमा विधानसभा नहीं जा पाए हैं, जबकि वे बस्तर और अपने क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाना चाहते हैं।
उन्होंने मांग की कि न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद कवासी लखमा को बजट सत्र में शामिल होने का अवसर मिलना चाहिए।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ शराब घोटाले की जांच प्रवर्तन निदेशालय कर रहा है। एसीबी में दर्ज एफआईआर में करीब 3,200 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले का दावा किया गया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह कथित घोटाला तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में अधिकारियों और कारोबारियों के एक सिंडिकेट के जरिए अंजाम दिया गया।
