Chhattisgarh: BJP makes major appointments ahead of Rajya Sabha elections…
रायपुर। राज्यसभा चुनाव से पहले भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा को अहम जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने उन्हें बिहार में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
16 मार्च को 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर मतदान होना है। बिहार में पांच सीटों के लिए चुनाव होना है, लेकिन यहां मुकाबला दिलचस्प हो गया है क्योंकि छह उम्मीदवार मैदान में हैं।
एनडीए की ओर से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, पूर्व विधायक शिवेश कुमार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा से उपेंद्र कुशवाहा उम्मीदवार हैं। वहीं राष्ट्रीय जनता दल ने एडी सिंह को मैदान में उतारा है।
बिहार में खास तौर पर पांचवीं सीट को लेकर सियासी पेंच फंसा हुआ है। इसी वजह से भाजपा ने चुनाव की रणनीति संभालने के लिए विजय शर्मा और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया है।
इसके अलावा पार्टी ने हरियाणा के लिए गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी और ओडिशा के लिए महाराष्ट्र सरकार में मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को भी पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
