Chhattisgarh | Bastar gets its first high-tech super specialty hospital
रायपुर, 3 सितंबर 2025। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में आज ऐतिहासिक कदम उठाया गया। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की उपस्थिति में चिकित्सा शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ और कॉन्टिनेंटल हॉस्पिटल तेलंगाना के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते के तहत बस्तर में 200 करोड़ की लागत से 240 बिस्तरों का अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल शुरू होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बस्तर के लोगों और नक्सल मोर्चे पर तैनात जवानों को इलाज के लिए रायपुर या बिलासपुर नहीं जाना पड़ेगा, जगदलपुर में ही उन्हें विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएँ मिलेंगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि आदिवासी अंचलों सहित सभी नागरिकों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचें। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसे प्रदेश और क्षेत्रवासियों के लिए गर्व की बात बताया।
अस्पताल 11 एकड़ क्षेत्र में 10 मंजिला भवन के रूप में बनेगा, जिसमें कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, न्यूरो सर्जरी, यूरोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, ओपीडी, आईसीयू और आपातकालीन सेवाओं की आधुनिक सुविधाएँ होंगी। विशेषज्ञ डॉक्टर सरकारी दरों पर मरीजों का उपचार करेंगे।
इस परियोजना में केंद्र सरकार, राज्य सरकार और एनएमडीसी का संयुक्त योगदान है। इसे प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र में मील का पत्थर माना जा रहा है, जिससे बस्तर अंचल समेत पूरे छत्तीसगढ़ के लाखों लोगों को लाभ मिलेगा।
