Chhattisgarh | Amount related to 26 complaints revealed, major action by Durg Cyber Cell
भिलाई। साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल हो रहे बैंक खातों पर दुर्ग साइबर सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह खाताधारकों को चिन्हित किया है। विशेष अभियान के तहत की गई जांच में खुलासा हुआ है कि अलग-अलग बैंकों के खातों के जरिए ठगी की रकम चेक और अन्य बैंकिंग माध्यमों से निकाली जा रही थी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिले में दर्ज साइबर फ्रॉड मामलों की समीक्षा के दौरान संदिग्ध खातों की पहचान की गई। 11 फरवरी 2026 को गठित विशेष टीम ने अभियान चलाकर छह खाताधारकों से पूछताछ की और वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की।
जांच में सामने आया कि इन खातों के जरिए विभिन्न जिलों में दर्ज 26 शिकायतों से जुड़ी रकम का लेन-देन हुआ है। एक खाते में 13 लाख रुपये का संदिग्ध ट्रांजेक्शन मिला। अन्य मामलों में 15 हजार, 38,800 रुपये से लेकर 50 लाख रुपये तक की राशि के लेन-देन की जांच की जा रही है। कुछ मामलों में पहले से अपराध दर्ज हैं, जबकि अन्य में नए अपराध क्रमांक कायम किए गए हैं।
कार्रवाई दुर्ग जिले की विभिन्न बैंक शाखाओं और संबंधित खाता संचालन स्थलों पर की गई। जिन खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई हुई, उनमें रूपेश बंजारे, आजेन्द्र साहू, जावेद शेख, सरस्वती निषाद, हेमा बिनानी और अभिषेक गुप्ता शामिल हैं। सभी दुर्ग निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, लेन-देन अभिलेख, चेक और अन्य बैंकिंग कागजात जब्त किए हैं। पूरी कार्रवाई में साइबर सेल दुर्ग की तकनीकी टीम और अधिकारियों की सक्रिय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लेन-देन की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में दें।
