Chhattisgarh | अमिताभ जैन बने मुख्य सूचना आयुक्त, राज्यपाल ने दिलाई शपथ

Spread the love

Chhattisgarh | Amitabh Jain becomes Chief Information Commissioner, Governor administers oath

रायपुर, 19 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग को नया नेतृत्व मिल गया है। राज्यपाल रमेन डेका ने लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम् में आयोजित समारोह में श्री अमिताभ जैन को मुख्य सूचना आयुक्त तथा श्री उमेश कुमार अग्रवाल और श्री शिरीष चंद्र मिश्रा को राज्य सूचना आयुक्त पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण की प्रक्रिया मुख्य सचिव विकास शील ने संपन्न कराई।

इस अवसर पर राजस्व, खेल एवं युवा कल्याण और आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक पुरंदर मिश्रा, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। राज्य शासन के प्रमुख सचिव, सचिव, मानव अधिकार आयोग और राज्य सूचना आयोग से जुड़े वर्तमान व पूर्व अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

गौरतलब है कि नवनियुक्त मुख्य सूचना आयुक्त अमिताभ जैन सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्य सचिव रह चुके हैं। वहीं राज्य सूचना आयुक्त उमेश कुमार अग्रवाल भी सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं, जबकि शिरीष चंद्र मिश्रा पत्रकारिता जगत से जुड़े रहे हैं। नए पदाधिकारियों की नियुक्ति से राज्य में सूचना के अधिकार के प्रभावी क्रियान्वयन को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *