Chhattisgarh | सामूहिक विवाह का महाआयोजन, 6 हजार से ज्यादा जोड़े बंधे सात फेरे में

Spread the love

Chhattisgarh: A grand mass wedding ceremony took place, with over 6,000 couples tying the knot.

रायपुर, 10 फरवरी 2026। राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह समारोह ने इतिहास रच दिया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में प्रदेशभर में कुल 6,412 जोड़े विभिन्न धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह सूत्र में बंधे। इस अभूतपूर्व आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।

साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 1,316 नवविवाहित जोड़ों को मुख्यमंत्री ने प्रत्यक्ष रूप से आशीर्वाद दिया, जबकि अन्य जिलों के जोड़े वर्चुअल माध्यम से जुड़े। योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित दंपति को 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना केवल विवाह आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, अंत्योदय और संवेदनशील शासन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कभी गरीब परिवारों के लिए बेटी का विवाह बड़ी चिंता का विषय होता था, लेकिन इस योजना ने उसे सम्मान और विश्वास में बदल दिया है।

इस आयोजन की खास बात यह रही कि हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध और विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय के जोड़े अपने-अपने रीति-रिवाजों से विवाह बंधन में बंधे। इसे सर्वधर्म समभाव और सामाजिक एकता का उत्सव बताया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का भी शुभारंभ किया। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में सरगुजा और बस्तर संभाग के आठ जिलों में इसकी शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ और सुपोषित छत्तीसगढ़ के निर्माण में समाज की भागीदारी जरूरी है और अभियान की सफलता के बाद इसे पूरे प्रदेश में विस्तार दिया जाएगा।

उन्होंने महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता, तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए बढ़ी दर, चरण पादुका योजना के पुनः प्रारंभ और भूमिहीन मजदूरों के लिए आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि इस योजना की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में हुई थी, जिसे अब आगे बढ़ाया जा रहा है। कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने इसे ऐतिहासिक दिन बताया।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *