जशपुर । नाबालिग छात्रा से जशपुर के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के छिनबहरी के जंगलों में गैंगरेप की घटना सामने आई है। नाबालिग छात्रा से कुल 9 लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया है। आरोपियों के कब्जे से किसी तरह छूट कर गैंगरेप पीड़िता थाने पहुंची, जहां उसने सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 7 आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पत्थलगांव थाने की पुलिस उनको तलाश कर रही है। वही, पीड़िता को पत्थलगांव अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दरअसल, नाबालिग छात्रा अपने सहपाठी के साथ घूमने गई थी। इसी दौरान आरोपियों की नजर उसके ऊपर पड़ी। आरोपियों ने दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद नाबालिग छात्रा के सहपाठी की जमकर धुनाई कर दी। उसको वहां से भगा दिया। इसके बाद वे लोग छात्रा को लेकर छिनबहरी के जंगल में चले गए। जहां कुल 9 आरोपियों ने छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों की धमकी से सहमी छात्रा ने किसी तरह साहस बटोर कर वहां से भागने की हिम्मत दिखाई।
नाबालिग छात्रा वहां से बेतहाशा भागी। भागते-भागते वह पत्थलगांव थाने पहुंची। जहां पुलिस को उसने आपबीती सुनाई। सुनते ही पुलिस के अधिकारी भी सकते में आ गए। तत्काल पीड़िता का डाॅक्टरी मुलाहिजा करवाया गया। उसमें नाबालिग के साथ हुए दुष्कर्म का खुलासा हो गया। इसके बाद उसको पत्थलगांव अस्पताल में भर्ती करा दिया गया हैं। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
नाबालिग की निशानदेही पर 2 आरोपी चढ़े हत्थे –
नाबालिग की निशानदेही पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी के 7 आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। थाने के जानकार अधिकारियों ने भरोसा दिया है कि जल्दी ही वे सातों आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में होंगें।
