September 23, 2024

The News Wave

सच से सरोकार

Cg Big News | प्रॉपर्टी डीलर का अपहरण, 10 लाख फिरौती की मांग और एक गुगली, पढ़ें पूरी खबर

1 min read
Spread the love

Property dealer kidnapped, demanded 10 lakh ransom and a googly, read full news

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में प्रॉपर्टी डीलर का अपहरण और 10 लाख रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। प्रॉपर्टी डीलर पांच दिन पहले अंबिकापुर गए थे और वहां से अपनी पत्नी को वापस घर आने की जानकारी दी थी। तभी रात करीब 11.30 बजे पति का कॉल आया और बताया कि वह फंस गया है और उसे बंधक बना लिया गया है। उसे छुड़ाने के लिए 10 लाख रुपए लगेंगे।

फो कॉल के बाद से पॉपर्टी डीलर का मोबाइल बंद है और अब तक कुछ पता नहीं चला है। पुलिस ने शिकायत के बाद अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला सकरी थाना क्षेत्र का है। सकरी क्षेत्र के आसमा सिटी निवासी वकील अंसारी प्रापर्टी डीलर है। उनकी पत्नी अकबरी खातुन (35) गृहिणी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके पति बीते 3 नवंबर को कार से अंबिकापुर अपने परिचित आरएस बागड़िया से मिलने के लिए गए थे। इसके बाद से वह गायब हैं।

पत्नी को घर लौटने दी थी जानकारी –

वकील की पत्नी अकबरी खातुन ने पुलिस को बताया कि 4 नवंबर की रात 8 बजे उसके पति ने मोबाइल से कॉल कर बताया कि वह घर लौट रहे हैं। इसके बाद रात 11 बजे भी कॉल आया और सुबह तक घर पहुंचने की जानकारी दी। इसके आधे घंटे बाद कॉल आया और मोबाइल बंद हो गया।

रात 11.30 बजे किया कॉल, बोला- बंधक बना लिए हैं, 10 लाख लगेंगे –

उनकी पत्नी ने पुलिस को बताया कि 4 नवंबर की रात 11.30 बजे उनके पति वकील अंसारी ने मोबाइल से कॉल किया था। उसने बताया कि वह एक जगह फंस गया है। ज्यादा से ज्यादा पैसों की व्यवस्था करनी होगी। 10 लाख रुपए लगेंगे। इसके बाद से उनका मोबाइल बंद हो गया है और उनका कुछ पता नहीं चल रहा है।

रिकॉर्डिंग सुनने के बाद अंबिकापुर पहुंची पुलिस –

पुलिस को अपहृत वकील अंसारी की पत्नी ने कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग भी दी है, जिसे सुनकर पुलिस अंबिकापुर भी गई थी। वकील के दोस्त से पूछताछ कर पुलिस संदेहियों की जानकारी जुटाकर लौट आई है। बताया जा रहा है कि इस वारदात में एक संदेही अभिषेक अयाची व उसके अन्य साथियों का नाम सामने आया है।

संदेह के दायरे में है प्रॉपर्टी डीलर, पुलिस कर रही जांच –

पुलिस अपहरण और फिरौती के इस मामले को लेकर संदेह भी जता रही है। पुलिस का कहना है कि प्रॉपर्टी डीलर का मोबाइल ऑन-ऑफ हो रहा है। जांच में कई अलग-अलग तथ्य सामने आ रहे हैं। उसके कुछ पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं, जिसके आधार पर इस पूरे मामले में पुलिस को प्रॉपर्टी डीलर पर भी शक हो रहा है।

परिचित बोला- पैसे के लेनदेन का है विवाद –

पुलिस ने इस केस में अंबिकापुर में रहने वाले आरएस बागड़िया से भी बात की है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके पास भी वकील अंसारी का कॉल आया था, जिसमें उन्होंने पैसे के लेनदेन के नाम से संदेही अभिषेक व उसके साथियों के बंधक बनाने की बात कही थी। बागड़िया से जानकारी जुटाकर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

TI बोले- पैसे के लेनदेन का हो सकता है विवाद, जांच के बाद खुलेगा मामला –

TI सागर पाठक ने बताया कि इस केस में महिला से मिले रिकॉर्डिंग के आधार पर अपहरण का केस दर्ज किया है। रिकॉर्डिंग में वकील अंसारी खुद बात कर रहा है। ऐसे में अपहरण के इस केस में खुद प्रॉपर्टी डीलर भी शक के दायरे में है। पुलिस उससे जुड़े हर पहलुओं की जांच कर रही है और वकील अंसारी के साथ ही संदेहियों की तलाश कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *