Bilaspur Development | The Chief Minister inaugurated and performed Bhoomi Pujan for development works worth more than Rs 329 crore.
रायपुर, 15 नवंबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर प्रवास के दौरान पुलिस ग्राउंड में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में बड़ी सौगात देते हुए 329 करोड़ 77 लाख रुपए से अधिक की लागत वाले 47 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 42 कार्यों का शिलान्यास और 5 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। यह जिले में आधारभूत ढांचे और शहरी-ग्रामीण विकास को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कोनी में 11.91 करोड़ रुपए की लागत से तैयार संभागीय आयुक्त कार्यालय का लोकार्पण किया। साथ ही राजा रघुराज सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 6.99 करोड़ रुपए की लागत से तैयार वंदे मातरम उद्यान, नगर निगम बिलासपुर के वार्ड 18 में 30.33 लाख की रिटर्निंग वॉल, टाइल्स एवं फेंसिंग कार्य तथा महमंद में 50 लाख की लागत से प्राथमिक शाला लालखदान भवन के अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण भी किया गया।
इसके अलावा कोटा भैंसाझार में 4.43 करोड़ की प्रस्तावित उद्वहन सिंचाई योजना का शिलान्यास और टिकरी व चिल्हाटी में 30-30 लाख रुपए की लागत से महतारी सदन निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई।
सड़क और पुल-पुलिया परियोजनाओं में भी व्यापक निवेश किया गया है। प्रमुख रूप से 69.79 करोड़ से सिरगिट्टी–सरवानी–पासीद–अमलडीहा–बरतोरी–दगोरी मार्ग उन्नयन, 32.09 करोड़ से नेहरू चौक–दर्रीघाट मार्ग, 59.55 करोड़ से कोनी–मोपका बायपास, 6.70 करोड़ से सीपत नवाडीह चौक–दर्राभाठा–लीलागर पुल मार्ग समेत कई महत्वपूर्ण मार्गों के उन्नयन व निर्माण शामिल हैं।
जिले के ग्रामीण व वनांचल क्षेत्रों के लिए भी बड़े पैमाने पर पुल निर्माण के कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें शिवघाट बैराज–मंगला एसटीपी सड़क, बगधर्रा–गौरखुरी, सरगोड़–कुरदर, झरना–बैगा मोहल्ला सहित अनेक स्थलों पर करोड़ों की लागत से पुल निर्माण सम्मिलित हैं। पीएम जनमन योजना के अंतर्गत आमागोहन–छपरापारा व कुम्हड़ाखोल में भी महत्वपूर्ण पुल स्वीकृत किए गए।
खारंग, कोपरा, बहतराई, पेंडारी, लखराम और अकलतरी जलाशयों तथा नहरों के उन्नयन और मरम्मत कार्य भी इस विकास पैकेज का हिस्सा हैं।
इन परियोजनाओं के माध्यम से बिलासपुर में सिंचाई, सड़क संपर्क, शहरी सुविधाओं और आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। यह व्यापक विकास पहल आने वाले वर्षों में बिलासपुर को अधिक आधुनिक, सक्षम और समृद्ध जिले के रूप में स्थापित करने की नींव रखेगी।
