Bharat Band | कृषि कानून के खिलाफ आज भारत बंद, जानिये किन चीजों पर मिली छूट और किस पर रहेगी पाबंदी..

छत्तीसगढ़ डेस्क। कृषि कानून के खिलाफ आज भारत बंद का आव्हान किया गया है। कृषि कानून के विरोध में किसान संगठनों ने भारत बंद का ऐलान किया है। कृषि कानून के विरोध में अब से कुछ ही घंटों बाद यानि सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक राष्ट्रव्यापी बंद का असर देखने को मिलेगा।
किसान संघों के बंद के आह्वान को कुछ मजदूर संघों का भी समर्थन मिला है। हालांकि किसान नेताओं ने कहा है कि किसी को भी बंद में शामिल होने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।
किसानों के आंदोलन को देखते हुए केंद्र सरकार भी अलर्ट मोड में हैं। केंद्र ने परामर्श जारी करते हुए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सुरक्षा बढ़ाने और शांति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। भारत बंद के दौरान आज क्या खुला रहेगा और क्या बंद रहेगा? आइए विस्तार से जानते हैं।
इन पर रोक
तीन राज्यों हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में सभी मंडियां बंद रहेंगी।
सुबह आठ बजे से लेकर शाम तीन बजे तक चक्का जाम रहेगा.
यातायात सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। बस और रेल से यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
आवश्यक चीजों जैसे दूध, फल और सब्जी पर रोक रहेगी।
इनको मिलेगी बंद से छूट
एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी।
मेडिकल स्टोर खोले जा सकते हैं।
अस्पताल सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे।
शादियों पर कोई पाबंदी नहीं।
भारत बंद को मिला इनका समर्थन
बंद को इन सियासी दलों ने समर्थन दिया है – कांग्रेस, एनसीपी, तृणमूल कांग्रेस, शिवसेना, द्रमुक और इसके घटक, टीआरएस, राजद, आम आदमी पार्टी, सपा, बसपा, वामदल, पीएजीडी।
किसान नेताओं की अपील
किसान नेताओं ने सभी से सांकेतिक बंद में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि अपने प्रदर्शन के तहत सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक वे चक्का जाम प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान प्रमुख सड़कों को जाम किया जाएगा. प्रदर्शन के तहत उत्तरी राज्यों खासकर पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के किसान सड़कों पर उतरे हैं।
एफआईआर भी दर्ज की जाएगी
इधर भारत बंद को लेकर दिल्ली पुलिस ने पूरी तरह कमर कस ली है। बंद के दौरान किसी ने उत्पात मचाया या फिर किसी ने जबरदस्ती बंद करवाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पडने पर एफआईआर भी दर्ज की जाएगी।
प्रवेश करने की अनुमति नहीं
बॉर्डरों व दिल्ली के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर दिल्ली पुलिस व पैरा मिलिट्री फोर्स के जवान प्रमुख चौराहों व मार्गों पर तैनात रहेंगे। नई दिल्ली जिले में किसी को भी प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। दिल्ली पुलिस के कई जिला डीसीपी ने ड्रोन से भी नजर रखने की बात कही है। बॉर्डर इलाकों में भी ड्रोन से नजर रखी जाएगी। कई जगहों पर वीडियोग्राफी करने के भी आदेश दिए गए हैं।