Bastar Olympics 2025 | Inaugurated by Deputy Chief Minister in remote forest village Kachhapal
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने पारंपरिक खेलों और युवाओं की खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘बस्तर ओलंपिक 2025’ का आयोजन किया है। इसका शुभारंभ नारायणपुर के सुदूर वनांचल ग्राम कच्चापाल में आज उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा द्वारा किया गया।
इस मौके पर ईरकभट्टी और कच्चापाल की ग्रामीण महिलाओं के बीच रस्साकसी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें ईरकभट्टी की महिलाओं ने बाजी मारी। उपमुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी को बस्तर ओलंपिक 2025 की टीशर्ट वितरित की।
बस्तर ओलंपिक 2025 विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। बस्तर संभाग में कुल 3 लाख 80 हजार से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें नारायणपुर में 47 हजार से अधिक प्रतिभागी शामिल हैं।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि यह ओलंपिक केवल खेल नहीं बल्कि बस्तर की समरसता, बंधुत्व, विश्वास और एकता का प्रतीक है। इसका उद्देश्य युवाओं में आत्मविश्वास जगाना और उनकी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस ओलंपिक से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी छत्तीसगढ़ से उभरेंगे और बस्तर का नाम विश्व में रोशन करेंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मंडावी, एडीजी विवेकानंद सिन्हा, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, एसपी रॉबिंसन गुड़िया, एसडीएम ओरछा डॉ. सुमित गर्ग और अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
बस्तर ओलंपिक 2025 25 अक्टूबर से 30 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी, हॉकी और वेटलिफ्टिंग जैसी खेल प्रतियोगिताएं होंगी। जूनियर (14-17 वर्ष), सीनियर (17 वर्ष से अधिक) वर्ग के साथ दिव्यांग और आत्मसमर्पित नक्सली भी सीधे संभाग स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
