Ambikapur Garhwa Four Lane | नेशनल हाईवे-343 अब जल्द ही फोरलेन में होगा तब्दील, गडकरी की घोषणा

Ambikapur Garhwa Four Lane | National Highway-343 will soon be converted into a four-lane, Gadkari announced
अंबिकापुर, 4 जुलाई 2025. छत्तीसगढ़ और झारखंड को जोड़ने वाला नेशनल हाईवे-343 अब जल्द ही फोरलेन में तब्दील होगा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इसकी घोषणा करते हुए 450 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है। यह ऐलान उन्होंने झारखंड के गढ़वा जिले में आयोजित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के लोकार्पण समारोह में किया।
विधायक-सांसद की मांग पर मिली फोरलेन को हरी झंडी
गढ़वा में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर गढ़वा से अंबिकापुर तक फोरलेन सड़क निर्माण को स्वीकृति दी।
इसके बाद अब झारखंड और छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाला यह प्रमुख मार्ग न केवल यातायात के लिहाज से बेहतर होगा, बल्कि आर्थिक और सामरिक दृष्टिकोण से भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
NH-343 पूरी तरह गड्ढों में तब्दील, यात्री रास्ता बदलने को मजबूर
वर्तमान में अंबिकापुर से रामानुजगंज तक NH-343 की स्थिति बेहद खराब है। कई किलोमीटर तक सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। अक्सर लोग इस मार्ग को छोड़कर प्रतापपुर-सेमरसोत-बालरमपुर होकर यात्रा कर रहे हैं। नेशनल हाईवे विभाग के अनुसार, फिलहाल कुछ जगहों पर पेंच रिपेयरिंग कराई गई है, लेकिन असली काम बरसात के बाद शुरू होगा।
अंबिकापुर से रामानुजगंज तक टू लेन सड़क का काम जारी
NH-343 के अंबिकापुर से रामानुजगंज तक के हिस्से को टू लेन बनाने का टेंडर पहले ही जारी हो चुका है।
बड़कीमहुरी से रामानुजगंज खंड में 199.5 करोड़ रुपये की लागत से 29.43 किमी सड़क बनेगी।
अंबिकापुर से रजपुरीखुर्द-पाढी खंड में 397.44 करोड़ रुपये की लागत से 49 किमी सड़क निर्माण होगा।
इस मार्ग पर हाथियों और जंगली जानवरों की क्रॉसिंग के लिए 5 अंडरपास भी बनाए जाएंगे।
फोरलेन के लिए फिर भेजा जाएगा प्रस्ताव, खर्च होगा 2,000 करोड़ से अधिक
वर्तमान योजना के तहत 10 मीटर चौड़ी टू लेन सड़क बनाई जा रही है, लेकिन फोरलेन के लिए 15 मीटर चौड़ी सड़क की आवश्यकता होगी। अंबिकापुर से गढ़वा तक फोरलेन निर्माण में करीब 2,000 करोड़ रुपये खर्च का अनुमान है। अब चूंकि गडकरी ने घोषणा कर दी है, ऐसे में रामानुजगंज से गढ़वा तक के 60 किमी खंड को भी फोरलेन में शामिल किए जाने की पूरी संभावना है।
बरसात के बाद शुरू होगा नया निर्माण
अधिकारियों के अनुसार, जैसे ही बारिश का मौसम खत्म होगा, NH-343 पर फोरलेन सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
भूमि अधिग्रहण और वन विभाग की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है, और पेड़ों की कटाई का काम भी तेज़ी से चल रहा है।