Chhattisgarh: Farmers will not face any problem in selling paddy, the government has taken a big decision.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के दौरान पात्र किसानों को आ रही खसरा और फसल रिकॉर्ड की गड़बड़ियों को दूर करने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब ऐसे किसानों के मामलों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा, ताकि वे समर्थन मूल्य पर धान बेचने से वंचित न रहें।
खाद्य और राजस्व विभाग ने सभी कलेक्टरों को खसरा मैपिंग और फसल संबंधी विसंगतियों को दूर करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत जिन किसानों के खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में दिखाई नहीं दे रहे, उनकी मैपिंग कराई जाएगी। इसके लिए सहकारी समितियों के माध्यम से विशेष व्यवस्था की गई है। खसरा मैपिंग की प्रक्रिया 15 जनवरी 2027 तक पूरी की जा सकेगी।
वहीं, डिजिटल फसल सर्वेक्षण में दूसरी फसल दर्ज होने के बावजूद धान बोने का दावा करने वाले किसानों के खेतों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सर्वे से छूटे खसरों की भी तहसीलदार के माध्यम से जांच होगी। मौके पर फसल और रकबे का परीक्षण कर पंचनामा और फोटो तैयार किए जाएंगे।
सत्यापन के बाद सही जानकारी 30 नवंबर तक शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस पहल से रिकॉर्ड की गड़बड़ियां दूर होंगी और वास्तविक धान उत्पादक किसानों को खरीदी में राहत मिलेगी।
