Chhattisgarh | छत्तीसगढ़ में बनेगी साइंस सिटी, CM ने दिए तेजी के निर्देश

Spread the love

Chhattisgarh: Science City to be built in Chhattisgarh, CM gives instructions to expedite it

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विज्ञान और तकनीक को बढ़ावा देने के लिए साइंस सिटी की स्थापना की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसके निर्माण से जुड़ी प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रस्तावित साइंस सिटी में बच्चों और युवाओं को विज्ञान की दुनिया समझने के लिए कई आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने महानदी भवन में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद और रीजनल साइंस सेंटर के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी नवाचारों का लाभ आम लोगों तथा सरकारी विभागों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

प्रस्तावित साइंस सिटी में 7-डी थिएटर, प्लेनेटेरियम, टाइम मशीन सिम्युलेटर, स्पेस एंड एस्ट्रोनॉमी गैलरी, डिजिटल पैनोरमा और रिन्यूएबल एनर्जी पार्क जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने सिकॉस्ट की प्रयोगशालाओं को विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को शोध का अवसर मिल सके। सूरजपुर के मायापुर में कर्क रेखा क्षेत्र में एस्ट्रो साइंस पार्क बनाने पर भी चर्चा हुई। विज्ञान केंद्र में एआई गैलरी विकसित की जा रही है।

सरकार चलित विज्ञान बस के जरिए ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक विज्ञान की जानकारी पहुंचाने की तैयारी भी कर रही है। साथ ही युवाओं और नवाचारकर्ताओं को पेटेंट व बौद्धिक संपदा अधिकार हासिल करने में मदद देने के निर्देश दिए गए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *