Creator Awards 2026 | CM Sai called the creators the digital face of Chhattisgarh.
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कंटेंट क्रिएटर्स अब सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं, बल्कि प्रदेश की पहचान दुनिया तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में कहा कि क्रिएटर्स प्रदेश के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं।
होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित कार्यक्रम में जनता की वोटिंग से चुने गए क्रिएटर्स को 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में सम्मानित किया गया। फूड, संस्कृति, स्वास्थ्य, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे क्षेत्रों में डिजिटल योगदान देने वालों को पुरस्कार मिले।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवा क्रिएटर्स के साथ पॉडकास्ट शैली में संवाद किया। अपने पंच से मुख्यमंत्री तक के सफर पर उन्होंने बताया कि कम उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभाली और गांव से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की।
उन्होंने किसानों, बस्तर विकास, नक्सलवाद, रोजगार और युवाओं के अवसरों पर भी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है।
साय ने क्रिएटर्स से बस्तर-सरगुजा की संस्कृति, पर्यटन, स्थानीय उत्पाद और महिला स्व-सहायता समूहों के काम को डिजिटल माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और तकनीक का सही इस्तेमाल करने की सलाह भी दी।
