Chhattisgarh: The government formed a special team before the literary festival.
रायपुर। रायपुर साहित्य उत्सव-2027 को लेकर राज्य शासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन को बेहतर और व्यापक स्वरूप देने के लिए आठ सदस्यीय सलाहकार समिति गठित की गई है। समिति में साहित्यकारों, संपादकों और विद्वानों को शामिल किया गया है।
साहित्य उत्सव का आयोजन 8 से 10 जनवरी 2027 तक नवा रायपुर के पुरखौती मुक्तांगन में होगा। शासन के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, समिति आयोजन की रूपरेखा और साहित्यिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सलाहकार समिति में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, मुख्यमंत्री के सलाहकार कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रेस ऑफिसर आलोक सिंह शामिल हैं।
इसके अलावा प्रख्यात साहित्यकार एवं स्तंभकार अनंत विजय, पांचजन्य के संपादक हितेश शंकर और साहित्य परिषद दिल्ली से मनोज कुमार को भी समिति में नामांकित किया गया है।
रायपुर साहित्य उत्सव का उद्देश्य साहित्य और संस्कृति से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देना तथा छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाना है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में साहित्य, विचार और संस्कृति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अब समिति की भूमिका और तैयारियों के साथ साहित्य उत्सव के कार्यक्रमों को लेकर भी लोगों की नजरें टिकी हैं।
