Chhattisgarh | CM Says Strict on Human Trafficking, Now a Mass Movement Will Be Formed!
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ अब सरकार के साथ समाज को भी आगे आने की जरूरत है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इन सामाजिक बुराइयों को खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। इसके लिए पूरे प्रदेश में जागरूकता का जनआंदोलन खड़ा करना होगा।
मुख्यमंत्री सोमवार को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
मानव तस्करी पर जताई चिंता
सीएम ने अपने गृह जिले जशपुर का जिक्र करते हुए बताया कि एक समय वहां मानव तस्करी की समस्या गंभीर थी। सरकार, पुलिस और सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रयासों से इसमें कमी आई है। उन्होंने कहा कि कई बार परिचित लोग ही नौकरी और बेहतर भविष्य का लालच देकर बेटियों को तस्करी के जाल में फंसाते हैं। इसलिए परिवारों और समाज को सतर्क रहना होगा।
महिलाओं की मदद के लिए ये व्यवस्थाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं। महिला हेल्पलाइन 181 और डायल 112 के जरिए भी महिलाओं को सहायता मिल रही है। पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क और अभिव्यक्ति ऐप की सुविधा भी उपलब्ध है।
68 लाख महिलाओं को मिल रहा लाभ
सीएम ने बताया कि महतारी वंदन योजना की 33 किश्तें जारी हो चुकी हैं और 68 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। वहीं प्रदेश में करीब 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
उन्होंने कार्यशाला में मिले सुझावों को जमीन पर लागू करने और महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल बनाने पर जोर दिया।
