Chhattisgarh | NIT Raipur to have a centre worth Rs 88 crore, providing a huge opportunity to the youth!
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्टार्टअप और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ी पहल हुई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को NIT रायपुर परिसर में 88.76 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की आधारशिला रखी।
इस केंद्र के जरिए युवाओं को अपने नए विचारों पर रिसर्च करने, प्रोटोटाइप तैयार करने और उन्हें सफल स्टार्टअप में बदलने का मौका मिलेगा। परियोजना में मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन 71 करोड़ रुपये से अधिक का योगदान दे रहा है। यह केंद्र प्रसिद्ध उद्यमी रामदेव अग्रवाल ने अपनी माता श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल की स्मृति में स्थापित करने की पहल की है।
केंद्र में AI और मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, डेटा एनालिटिक्स, ब्लॉकचेन, साइबर सुरक्षा, 3D प्रिंटिंग, AR-VR और क्लीनटेक सहित सात अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं बनाई जाएंगी। साथ ही स्टार्टअप इन्क्यूबेशन और को-वर्किंग स्पेस भी उपलब्ध होंगे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के तकनीकी मॉडल देखे। इनमें AI आधारित कचरा प्रबंधन, दवाइयों की होम डिलीवरी और सड़क सुरक्षा से जुड़े नवाचार शामिल थे। उन्होंने युवाओं से नौकरी मांगने के बजाय रोजगार देने वाले उद्यमी बनने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने स्टार्टअप एवं निपुण मिशन और मुख्यमंत्री AI मिशन के लिए 500-500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्यमिता के नए अवसर देना है।
