Domanlal Korsewada Death | BJP MLA Domanlal Korsewada passes away
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति से दुखद खबर सामने आई है। दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का हैदराबाद में इलाज के दौरान निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक है।
12 अगस्त 1948 को जन्मे डोमनलाल कोर्सेवाड़ा राजनीति में आने से पहले करीब 26 साल तक शिक्षक रहे। वर्ष 1998 में वे व्याख्याता पद से सेवानिवृत्त हुए। इसके बाद उन्होंने राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई।
वर्ष 2008 में वे पहली बार अहिवारा विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए। इसके बाद 2023 के विधानसभा चुनाव में दूसरी बार जीतकर विधानसभा पहुंचे। उन्हें गुरु घासीदास सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका था। नवंबर 2025 में उन्हें अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया था।
उनके निधन की खबर के बाद राजनीतिक गलियारों में शोक का माहौल है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर दुख जताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
