Chhattisgarh MBBS Seats 2026 | Big news for medical students of Chhattisgarh
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मेडिकल स्टूडेंट्स के लिए बड़ी राहत की खबर आ गई है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने प्रदेश के 10 सरकारी और एक निजी मेडिकल कॉलेज की कुल 1530 एमबीबीएस सीटों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए हरी झंडी दे दी है। अब इन कॉलेजों में एडमिशन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
इनमें 1430 सीटें सरकारी मेडिकल कॉलेजों की हैं, जबकि 100 सीटें एक निजी मेडिकल कॉलेज की हैं। हालांकि, प्रदेश के चार निजी मेडिकल कॉलेज अब भी रिन्यूअल का इंतजार कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में फिलहाल कुल 2330 एमबीबीएस सीटें हैं, लेकिन इस साल यह संख्या और बढ़ सकती है। तीन नए सरकारी और एक निजी मेडिकल कॉलेज को मंजूरी मिलने पर 150 से 300 नई सीटें जुड़ने की संभावना जताई जा रही है।
दंतेवाड़ा, कवर्धा और जांजगीर-चांपा के नए मेडिकल कॉलेज इस साल पहली बार NMC की मंजूरी हासिल कर सकते हैं। इन कॉलेजों के लिए जरूरी जिला अस्पताल पहले से मौजूद हैं, जिससे मानकों को पूरा करना आसान हुआ है।
वहीं, कुनकुरी और मनेंद्रगढ़ की राह अभी मुश्किल दिख रही है। यहां अस्पतालों का आधारभूत ढांचा पूरी तरह तैयार नहीं होने के कारण इस सत्र में मंजूरी मिलने की संभावना कम मानी जा रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर सीटें बढ़ती हैं तो NEET UG 2026 की कटऑफ में राहत मिल सकती है और प्रदेश के ज्यादा छात्रों को अपने ही राज्य में मेडिकल पढ़ाई का मौका मिलेगा।
