Chhattisgarh Weather | Rain alert in Chhattisgarh! Be careful
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरी रफ्तार पकड़ चुका है। आधे से ज्यादा प्रदेश को कवर करने के बाद अब कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले दौर की बारिश को लेकर 12 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है।
दंतेवाड़ा से एंट्री करने वाला मानसून अब सरगुजा संभाग तक पहुंच चुका है। जशपुर, मुंगेली, बिलासपुर, बेमेतरा, कबीरधाम, कोंडागांव, सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर और नारायणपुर में अच्छी बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक जशपुर, सरगुजा, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, दुर्ग, रायपुर, गरियाबंद और कोंडागांव में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। इन इलाकों में बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बारिश ने किसानों के चेहरे भी खिला दिए हैं। लंबे इंतजार के बाद अब धान समेत खरीफ फसलों की बुवाई के लिए मौसम अनुकूल माना जा रहा है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि कम से कम पांच इंच बारिश के बाद बुवाई करना ज्यादा फायदेमंद रहेगा।
इस बीच तापमान में भी गिरावट आई है। राजनांदगांव प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर और दुर्ग समेत कई शहरों में भी मौसम सुहावना बना हुआ है।
