Chhattisgarh: Death of hundreds of bats raises concerns
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी अब सिर्फ इंसानों ही नहीं, बल्कि वन्यजीवों की जान भी लेने लगी है। कांकेर जिले के सरोना गांव से बेहद चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां सैकड़ों चमगादड़ पेड़ों से गिरकर मर रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक पिछले 2 से 4 दिनों में 500 से ज्यादा चमगादड़ों की मौत हो चुकी है। कई चमगादड़ उड़ते-उड़ते नीचे गिर जाते हैं और कुछ ही देर में दम तोड़ देते हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि नौतपा के दौरान पड़ रही तेज गर्मी और हीट स्ट्रोक इसकी सबसे बड़ी वजह हो सकती है।
प्रदेश में तापमान लगातार 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है। इसका असर अब इंसानों की सेहत पर भी दिखने लगा है। अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, चक्कर, उल्टी और लू के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं।
कांकेर में हीटवेव अलर्ट के बीच यह घटना वन्यजीवों पर पड़ रहे गर्मी के खतरनाक असर की बड़ी चेतावनी मानी जा रही है।
