केशकाल:- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज केशकाल पहुंचे, जहां उन्होंने केशकाल घाटी स्थित तेलिन सती माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर पहुंचने पर साहू समाज के पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने पारंपरिक मांदरी नृत्य, आतिशबाजी और गर्मजोशी भरे स्वागत के साथ डिप्टी सीएम का अभिनंदन किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव के साथ सांसद भोजराज नाग, सांसद महेश कश्यप, विधायक नीलकंठ टेकाम, आशाराम नेताम एवं संदीप साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज केशकाल के सुरडोंगर स्थित प्रियदर्शिनी स्टेडियम में आयोजित साहू समाज के तेलिन सती माता महोत्सव एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान वे 58 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे तथा समाज को संबोधित भी करेंगे। कार्यक्रम को लेकर साहू समाज सहित स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पूरे आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति की संभावना जताई जा रही है।
