Chhattisgarh: Strict action against illegal construction! Deputy CM issues ultimatum
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शहरों की व्यवस्था सुधारने को लेकर अब सख्ती शुरू हो गई है। डिप्टी CM अरुण साव ने साफ संदेश दे दिया है अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
रायपुर में हुई मैराथन समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी नगर पंचायतों के CMO को सीधे निर्देश दिए कि अवैध प्लाटिंग, बेतरतीब निर्माण और अतिक्रमण पर तुरंत रोक लगाएं। उन्होंने साफ कहा कि काम में ढिलाई मिली तो जवाबदेही तय कर सख्त कार्रवाई होगी।
सिर्फ चेतावनी ही नहीं, डेडलाइन भी तय कर दी गई है। 31 मई तक नई संपत्तियों पर टैक्स लगाने का काम पूरा करना होगा। साथ ही राजस्व बढ़ाने के लिए टैक्स वसूली में भी सख्ती लाने को कहा गया है।
डिप्टी CM ने शहरों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने पर जोर देते हुए नालों की सफाई, जलभराव रोकने और हर घर तक साफ पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। रेन वाटर हार्वेस्टिंग को भी अनिवार्य करने की बात कही गई।
उन्होंने CMO को रोज सुबह शहर का दौरा करने और काम की मॉनिटरिंग करने को कहा। साथ ही पीएम आवास, जल योजनाएं और अन्य विकास कार्यों को समय पर पूरा करने का अल्टीमेटम दिया गया।
कुल मिलाकर सरकार अब शहरी व्यवस्था को लेकर फुल एक्शन मोड में नजर आ रही है।
