Chhattisgarh: CAF jawan commits suicide with service rifle
खैरागढ़. छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब उदयपुर स्थित राजपरिवार के पैलेस में ड्यूटी कर रहे छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान ने खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज से पूरे पैलेस परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक जवान की पहचान 38 वर्षीय कृपाचंद सोनवानी के रूप में हुई है, जो CAF की छठवीं बटालियन में पदस्थ था और मूल रूप से भिलाई का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच उसने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद पर फायर कर लिया।
घटना के बाद साथी जवान तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक यह घटना उदयपुर पैलेस परिसर में हुई, जहां पूर्व विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद चल रहे पारिवारिक विवाद के कारण प्रशासन ने उदयपुर पैलेस और कमल विलास पैलेस को सील कर रखा है। दोनों परिसरों की सुरक्षा के लिए CAF के जवानों की तैनाती की गई है।
बताया जा रहा है कि कृपाचंद सोनवानी रविवार को ही छुट्टी से वापस ड्यूटी पर लौटा था और पिछले कुछ समय से तनाव में नजर आ रहा था। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, इसलिए आत्महत्या की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।
पुलिस ने पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की असली वजह सामने आएगी।
