Chhattisgarh | Negligence on the highway… Mazda collided with a parked Hiva, driver died
रायपुर। बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर देर रात एक दर्दनाक हादसे ने सबको झकझोर दिया। अंधेरे में बिना इंडिकेशन खड़े हाइवा से तेज रफ्तार माजदा जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक की ड्राइविंग सीट पर ही मौत हो गई।
घटना नेशनल हाईवे 130 पर हिरीं के अमसेना के पास की है। राजनांदगांव जिले के ग्राम रामपुर (चिचोला) निवासी हरीचंद्र पटेल 28 फरवरी को अंबिकापुर से रायपुर के लिए आईसर माजदा (CG 08 AT 4397) लेकर निकले थे। रविवार रात करीब 1:30 बजे अमसेना के पास सड़क किनारे खड़े हाइवा (CG 10 BE 1650) से उनकी गाड़ी सीधे जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि माजदा का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। केबिन पिचककर अंदर धंस गया और इंजन का हिस्सा बुरी तरह टूट गया। हरीचंद्र के सिर, सीने और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घर का इकलौता बेटा था
हरीचंद्र परिवार का इकलौता बेटा था और ड्राइविंग कर घर चलाता था। हादसे की सूचना रात करीब 3 बजे परिजनों को मिली। मरच्यूरी में बेटे की हालत देख किसान पिता फफक-फफक कर रो पड़े। उन्होंने हाइवा चालक पर बीच सड़क लापरवाही से वाहन खड़ा करने का आरोप लगाया।
हाईवे पर लापरवाही भारी
लगातार हो रहे हादसों के बावजूद भारी वाहन चालक बिना इंडिकेशन लाइट के हाइवे किनारे गाड़ियां खड़ी कर रहे हैं। सवाल यह भी है कि हाइवे पेट्रोलिंग और संबंधित थानों की निगरानी कितनी प्रभावी है?
