Chhattisgarh’s first NSTI to open in Raipur, a new avenue of employment for youth
रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राजधानी रायपुर में राज्य का पहला राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (NSTI) खुलने जा रहा है। रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इसकी औपचारिक घोषणा करते हुए बताया कि केंद्र सरकार ने एनएसटीआई की स्थापना को मंजूरी दे दी है।
यह संस्थान रायपुर में करीब 10 एकड़ भूमि पर स्थापित होगा। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने लोकसभा में इस विषय को लेकर प्रश्न उठाया था, जिसके जवाब में केंद्र सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि रायपुर में एनएसटीआई खोलने की प्रक्रिया को हरी झंडी मिल चुकी है। इसे छत्तीसगढ़ में कौशल विकास और रोजगार सृजन की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
सांसद ने बताया कि केंद्र सरकार की पीएम-सेतु योजना के तहत देशभर के आईटीआई और एनएसटीआई को आधुनिक बनाया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत आधुनिक पाठ्यक्रम, नई तकनीक और उद्योगों की भागीदारी के जरिए युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने पर फोकस किया जा रहा है।
रायपुर में प्रस्तावित एनएसटीआई में इलेक्ट्रॉनिक्स, सौर ऊर्जा, आधुनिक तकनीकी ट्रेड और उद्योग आधारित प्रशिक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे छत्तीसगढ़ के युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप स्किल ट्रेनिंग मिलेगी, जिससे उनकी रोजगार क्षमता में सीधा इजाफा होगा। साथ ही स्थानीय उद्योगों को भी कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेगा।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह संस्थान सिर्फ प्रशिक्षण केंद्र नहीं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर और रोजगारपरक बनाने का मजबूत प्लेटफॉर्म बनेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है—हर युवा कुशल बने और आत्मनिर्भर हो। उन्होंने विश्वास जताया कि एनएसटीआई की स्थापना से पूरे छत्तीसगढ़ को इसका लाभ मिलेगा और राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।


