Chhattisgarh | Now every year 10,000 youth in Chhattisgarh will learn modern technology.
रायपुर, 10 नवम्बर 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुजरात के गांधीनगर स्थित NAMTECH (New A Maker’s Institute of Technology) कॉलेज का दौरा कर वहां के आधुनिक शिक्षण मॉडल और तकनीकी प्रशिक्षण प्रणाली का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के आईटीआई कॉलेजों में अब बड़ा बदलाव लाया जाएगा, जिससे राज्य के युवाओं को रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग जैसी नई तकनीकों की शिक्षा दी जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “गुजरात महात्मा गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमि है, जिसने पूरे देश को विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा दिखाई है। हम भी छत्तीसगढ़ में ऐसे संस्थान स्थापित करेंगे, जो युवाओं को उद्योग और तकनीक से सीधे जोड़ें।”
उन्होंने कॉलेज की आधुनिक प्रयोगशालाओं, प्रशिक्षण मॉड्यूल और प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग सिस्टम का निरीक्षण किया और छात्रों से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी इसी प्रकार का मॉडल लागू किया जाएगा, ताकि विद्यार्थी केवल सैद्धांतिक नहीं बल्कि व्यावहारिक कौशल में भी दक्ष बनें।
NAMTECH कॉलेज प्रबंधन ने मुख्यमंत्री साय को बताया कि उन्होंने गुजरात में कॉलेजों के बीच एक नेटवर्क मॉडल तैयार किया है, जिससे शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाया गया है। इसी तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी नेटवर्क आधारित आईटीआई मॉडल तैयार करने की योजना है। इसके तहत हर साल 10,000 से अधिक युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस पहल से राज्य के युवा न केवल रोजगार के लिए तैयार होंगे, बल्कि वे देश के बड़े औद्योगिक और टेक्नोलॉजिकल प्रोजेक्ट्स में भी काम कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत 2047 के संकल्प में छत्तीसगढ़ की भूमिका अहम होगी, “हम ऐसे युवाओं को तैयार कर रहे हैं, जो नई सोच, आधुनिक तकनीक और नवाचार के साथ आगे बढ़ेंगे।”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सचिव राहुल भगत, उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के सचिव एस. भारतीदासन और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
