Chhattisgarh | छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी ने वर्ल्ड कप जीत से बढ़ाया प्रदेश का मान, मुख्यमंत्री साय ने किया सम्मानित

Spread the love

Chhattisgarh’s daughter Akanksha Satyavanshi brought glory to the state with her World Cup win, honoured by Chief Minister Sai

रायपुर, 10 नवंबर 2025। वर्ल्ड कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी ने आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर अपनी खुशी साझा की। मुख्यमंत्री ने आकांक्षा को सम्मानित करते हुए कहा कि “आपकी सफलता पूरे छत्तीसगढ़ की सफलता है, आपने यह साबित किया है कि हमारी बेटियां हर क्षेत्र में अग्रणी हैं।”

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आकांक्षा को 10 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान करने की घोषणा की और उन्हें मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। “हम अपने खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने के लिए बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित कर रहे हैं,” उन्होंने जोड़ा।

आकांक्षा सत्यवंशी ने कहा “छत्तीसगढ़ मेरी जन्मभूमि और कर्मभूमि है। यहां की मिट्टी और लोगों ने मुझे यह मुकाम हासिल करने की ताकत दी है।” उन्होंने बताया कि मैदान पर न होते हुए भी उन्होंने खिलाड़ियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य की जिम्मेदारी निभाई और यह अनुभव उनके जीवन का सबसे गर्वपूर्ण पल रहा।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई मुलाकात का उल्लेख करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री हमेशा कहते हैं कि खेल जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। फिटनेस, संयमित खानपान और योग ही स्वस्थ जीवन का मंत्र है।”

मुख्यमंत्री श्री साय ने भी कहा कि उनकी फिटनेस का रहस्य योग, अनुशासित जीवनशैली और संतुलित आहार है।

आकांक्षा सत्यवंशी दुर्ग में जन्मी हैं, रायपुर में निवासरत हैं और उनका पैतृक गांव कवर्धा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ से फिजियोथेरेपी में स्नातक और कटक से स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की है। 2019 में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट टीम के साथ करियर शुरू करने के बाद वे 2022 में भारतीय अंडर-19 महिला टीम के साथ वर्ल्ड कप अभियान का हिस्सा बनीं।

सिर्फ छह वर्षों में उन्होंने मेहनत, समर्पण और प्रोफेशनलिज़्म से राष्ट्रीय खेल जगत में खास पहचान बनाई और आज पूरी दुनिया में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *