Chhattisgarh | Lakhpati Didiyas! The new symbol of women power in Chhattisgarh
रायपुर, 3 अक्टूबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की दीदियां आत्मनिर्भरता की ब्रांड एंबेसडर बन रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लखपति दीदी’ बनाने के संकल्प को साकार करते हुए प्रदेश की महिलाएं अब सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। रायपुर के शहीद स्मारक भवन में आयोजित बिहान दीदियों के डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम में उन्होंने यह बात कही।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवरात्रि का पर्व नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है, और आज छत्तीसगढ़ की महिलाएं इतिहास रच रही हैं। बिहान की बहनों की कामयाबी ने आत्मनिर्भरता की नई परिभाषा गढ़ी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाकर उनके उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 तक छत्तीसगढ़ की 8 लाख महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। जशपुर जैसे जिलों में ‘जशप्योर’ ब्रांड के जरिए महुआ आधारित उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना से भी महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिली है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा, “आत्मनिर्भरता संकल्प और प्रयास से ही संभव है। महिला स्व-सहायता समूहों के नवाचार और परिश्रम से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिल रही है।”
महिलाओं की प्रेरक कहानियां बनीं मिसाल
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘लखपति दीदी’ बनने वाली महिलाओं की कहानियां सुनीं।
बलरामपुर की पूनम गुप्ता ने किराना दुकान, आटा चक्की और ट्रैक्टर व्यवसाय से अपनी आर्थिक स्थिति बदली।
गरियाबंद की हेमिन साहू ने आचार-पापड़ व्यवसाय से प्रतिदिन ₹4,000 की आय अर्जित करते हुए दिल्ली के सरस मेले में ₹2.31 लाख की बिक्री की।
गीता वैष्णव ने कहा कि अब वे अपनी कमाई से बेटे को सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनाने का सपना साकार कर रही हैं।
रायपुर की गीता वर्मा हर महीने 15-20 हजार रुपये कमा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का ‘लखपति दीदी’ अभियान उनकी जिंदगी बदल चुका है।
मुख्यमंत्री ने किया स्टॉलों का निरीक्षण
मुख्यमंत्री साय ने पॉलिसी वॉच इंडिया फाउंडेशन द्वारा लगाए गए बिहान दीदियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने A2 मिल्क घी, फिनायल, धूपबत्ती, कुकीज़, और अगरवुड तेल जैसे उत्पादों की सराहना की।
राष्ट्रीय पहचान की ओर बढ़ती दीदियां
इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और पॉलिसी वॉच के संयुक्त तत्वावधान में विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें महिलाओं को ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि उनके उत्पाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच सकें।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव निहारिका बारीक सिंह, फ्लिपकार्ट के कॉर्पोरेट अधिकारी रजनीश कुमार, और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।