Chhattisgarh Cabinet | Disabled people’s loan waiver, relaxation in special educator recruitment and Chief Secretary welcome
रायपुर, 30 सितंबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में महानदी भवन, मंत्रालय में आज आयोजित कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
शासकीय कर्मचारियों के लिए अल्पावधि ऋण
मंत्रिपरिषद ने शासकीय सेवकों की आकस्मिक वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने हेतु वित्तीय संस्थाओं के माध्यम से वेतन के विरूद्ध अल्पावधि ऋण उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। इस संबंध में वित्त विभाग को अधिकृत किया गया और पात्र बैंक/वित्तीय संस्थाओं के साथ एमओयू प्रारूप को भी अनुमोदित किया गया।
दिव्यांगजन ऋण राशि की माफी
राज्य के दिव्यांगजन हित में कैबिनेट ने राष्ट्रीय दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम (NDFDC) की बकाया राशि ₹24,50,05,457/- एकमुश्त माफ करने का निर्णय लिया। NDFDC राज्य के दिव्यांगजनों को स्वरोजगार और शिक्षा हेतु न्यूनतम 3% ब्याज दर पर ऋण प्रदान करता है।
स्पेशल एजुकेटर भर्ती में छूट
स्कूल शिक्षा विभाग के स्पेशल एजुकेटर पदों पर सीधी भर्ती हेतु एक बार के लिए भर्ती एवं पदोन्नति नियम-2019 में छूट प्रदान की गई। अब 100 स्पेशल एजुकेटर पदों पर चयन परीक्षा के स्थान पर मेरिट के आधार पर भर्ती की जाएगी।
मुख्य सचिवों का स्वागत और विदाई
बैठक में मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन (IAS 1989 बैच) को भावभीनी विदाई दी गई। साथ ही नवनियुक्त मुख्य सचिव श्री विकास शील (IAS 1994 बैच) का औपचारिक स्वागत किया गया।
कैबिनेट के ये निर्णय राज्य के प्रशासनिक ढांचे, दिव्यांगजन कल्याण और शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक प्रभाव डालने वाले माने जा रहे हैं।
