Chhattisgarh | Independence Run in the capital Raipur with Chief Minister Vishnudev Sai, paid homage to the tricolor
रायपुर, 14 अगस्त 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव में आयोजित स्वतंत्रता दौड़ में हजारों युवाओं के साथ भाग लिया और कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने भारत माता और अमर बलिदानी रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारा तिरंगा पूर्वजों के वर्षों के संघर्ष और बलिदान का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगे में करोड़ों भारतीयों की आकांक्षाएं समाई हैं और यह हमारी वीरता, शांति और समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने हर-घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्राओं को जन-जन से जोड़ने वाली पहल बताते हुए इसे राष्ट्रीय एकता और गौरव का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें याद दिलाता है कि आज़ादी अनगिनत देशभक्तों के बलिदानों की देन है। उन्होंने अपने बचपन की यादों को साझा करते हुए कहा कि स्कूल के दिनों में प्रभात फेरी और देशभक्ति गीतों का जो गर्व अनुभव होता था, वही गर्व आज भी हमारे दिलों में है।
उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ विज़न डॉक्यूमेंट का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार उसी के अनुरूप प्रदेश को विकास की नई ऊँचाइयों पर ले जा रही है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, गुरु खुशवंत साहेब, अनुज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार भी उपस्थित थे।
