Raipur Hit And Run | रायपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं को कार से कुचला, एक की मौत, दो गंभीर – 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

Raipur Hit And Run | Women out for morning walk in Raipur were crushed by a car, one dead, two critical – accused arrested within 12 hours
रायपुर, 2 मई 2025। राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शहर को दहला दिया। मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे हुआ, जब महिलाएं रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। तभी तेज रफ्तार से आ रही कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। घटना के तुरंत बाद आरोपी वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार –
तेलीबांधा पुलिस ने इस गंभीर मामले को चुनौती के रूप में लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद महज 12 घंटे में आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान ब्राह्मणपारा निवासी अमित सिंह के रूप में हुई है।
गंभीर धाराओं में केस दर्ज –
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या (IPC 304) और हत्या के प्रयास (IPC 307) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था, इसके बावजूद वह वाहन चला रहा था।
पुलिस की अपील –
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय पूर्ण सतर्कता बरतें और बिना लाइसेंस वाहन न चलाएं, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।