September 22, 2024

The News Wave

सच से सरोकार

Chhattisgarh | कांग्रेसियों पर पुलिस लाठीचार्ज से भड़के पूर्व सीएम भूपेश बघेल, लिखा – काम ऐसा कीजिए कि भविष्य में आंख मिला सकें…

1 min read
Spread the love

Chhattisgarh | Former CM Bhupesh Baghel, enraged by police lathi charge on Congressmen, wrote – Work in such a way that you can see eye to eye in future…

दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं को चोट पहुंची है। दुर्ग पुलिस का आरोप है कि इनलोगों ने पहले पुलिस पर हमला किया, जिसमें थानेदार को चोट पहुंची है। वहीं, कांग्रेस का कहना है कि पुलिस ने पिटाई की है। लाठीचार्ज की घटना पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल तमतमा गए हैं। उन्होंने एसपी दुर्ग पर निशाना साधा है। उन्हें चेताते हुए कहा है कि सत्ता पलटती रहती है।

भूपेश बघेल के काफिल रोकने पर मचा है बवाल –

दरअसल, दो दिन पहले छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल के काफिले को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रोक दी थी। भूपेश बघेल का आरोप था कि उनलोगों ने गाली गलौज की और हमारे सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की है। यह पूरा मामला थाना भिलाई-3 का था। इसके बाद बीजेपी और कांग्रेस के समर्थक भिलाई-3 थाना पहुंच गए थे। थाने में दोनों पक्षों में जमकर बवाल हुआ था।

पुलिस ने लाठी चार्ज किया –

वहीं, काफिला रोकने की घटना को लेकर कांग्रेस दुर्ग में प्रदर्शन कर रही थी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। कांग्रेसी सिरसा गेट पर जमा होकर भिलाई-3 थाने को घेरने जा रहे थे। पुलिस के अनुसार इनलोगों ने इसकी अनुमति नहीं ली थी। रोकने पर झड़प शुरू हो गई और पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

भूपेश बघेल ने दुर्ग एसपी को घेरा –

लाठीचार्ज को लेकर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने दुर्ग पुलिस पर हमला किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि एसपी दुर्ग और उनके आका ठीक तरह से समझ लें। सत्ता उलटती-पलटती रहती है, काम ऐसे ही कीजिएगा कि भविष्य में आंख मिला सकें।

भूपेश बघेल ने आगे लिखा कि भिलाई-3 में शांतिपूर्ण धरने के बाद शांतिपूर्वक मार्च करके ज्ञापन देने जा रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस वालों दौड़ा दौड़ाकर पीटा। तो क्या अब भाजपा सरकार को शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन भी बर्दाश्त नहीं है? यह तो जनता का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और खासकर उनके आदेश का पालन कर रहे नौकरशाह कान खोलकर सुन लें। सत्ता की गोद में बैठ कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करवाना याद रहेगा। भूलना मत, लाठी का एक-एक वार कांग्रेसियों का हौसला बढ़ाता है। हम गांधीवादी हैं। लोकतंत्र पर हमारी अटूट आस्था है। एक सवाल अभी बचा हुआ है, बजरंग दल के गुंडा तत्वों पर कार्रवाई कब होगी?

पुलिस के आरोपों को झुठलाया

इसके साथ ही भूपेश बघेल ने पुलिस के आरोपों को झुठला दिया है। उन्होंने एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि मार्च निकाल रहे मेरे साथी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण ढंग से चल रहे थे। वे सिर्फ़ नारे लगा रहे थे। देखिए पुलिस वालों ने कैसे बिना किसी उकसावे के उन पर लाठी बरसानी शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि सरकारी नुमाइंदे मीडिया के जरिए अफ़वाह फैला रहे हैं कि प्रदर्शन के दौरान उन पर हमला पहले हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *