September 22, 2024

The News Wave

सच से सरोकार

Raipur | 5 सरकारी स्कूलों को इंग्लिश मीडियम में बदलने की तैयारी, जानियें इसकी पूरी डिटेल्स …

1 min read
Spread the love

 

रायपुर । पिछले साल राजधानी में हिंदी माध्यम वाले 3 पुराने सरकारी स्कूलों को इंग्लिश मीडियम में बदलने के बाद एडमिशन के लिए मची होड़ को देखते हुए राजधानी में आने वाले सत्र से 5 और सरकारी स्कूलों को इंग्लिश मीडियम में बदलने की तैयारी शुरू कर दी गई है। शहर में दर्जनभर से ज्यादा हिंदी मीडियम स्कूल हैं, जिन्हें इंग्लिश मीडियम स्कूलों में बदलने की संभावनाएं टटोली जा रही हैं। इन्हें मिलाकर आने वाले सत्र में राजधानी में 8 सरकारी इंग्लिश मीडियम स्कूल चलने लगेंगे। रायपुर में प्रयोग सफल होने की वजह से पूरे जिले में इसी सत्र से कुल 15 सरकारी स्कूलों को इंग्लिश मीडियम में बदला जा रहा है।

सरकारी इंग्लिश मीडियम स्कूलाें की संख्या बढ़ेगी। इस साल रायपुर जिले में 15 नए इंग्लिश स्कूल खुलेंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग से तैयारी की जा रही है। इसके लिए उन हिंदी मीडियम स्कूलों की पहचान की जा रही है जहां यह स्कूल शुरू किए जाएंगे। शिक्षा विभाग की ओर से राजधानी में पिछले साल 3 इंग्लिश मीडियम स्कूल शुरू किए गए। इन स्कूलों में पिछले साल छात्रों के प्रवेश हुए।

साथ ही साथ शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई। अफसरों का कहना है कि जिले के चारों ब्लाॅक यानी धरसींवा, अभनपुर, आरंग और तिल्दा में इस साल 15 इंग्लिश मीडियम स्कूल खोले जाएंगे। सर्वाधिक 5 से 7 स्कूल धरसींवा ब्लाॅक में खुलेंगे। इसी शिक्षा ब्लाॅक में राजधानी भी है। यहां 5 नए स्कूल शुरू होना तय माना जा रहा है। दरअसल पिछले साल सरकारी स्कूलों को अंग्रेजी माध्यम में तब्दील करने के प्रयोग को सफल मान लिया गया है। दरअसल शहर में खुले तीन स्कूलों में पहले ही साल प्रवेश के लिए होड़ मच गई थी। अरसे बाद यह स्थिति बनी थी कि सरकारी स्कूल की पहली कक्षा में दाखिले के लिए सीटों से ज्यादा आवेदन आ गए थे। यह स्कूल पहली से 12वीं तक हैं और लगभग सभी कक्षाओं में दाखिले के लिए काफी आवेदन आए थे। इसीलिए इस बार ज्यादा स्कूलों को इंग्लिश मीडियम में बदला जा रहा है, ताकि सीटें बढ़ें और छात्रों को फायदा हो।

स्कूलों की लिस्ट जल्दी

राज्य में पिछले साल 43 इंग्लिश मीडियम स्कूल शुरू हुए थे। रायपुर के अलावा इस बार अन्य जिलों में भी नए स्कूल शुरू किए जाएंगे। जिलों के अनुसार स्कूलों की पहचान करने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही नए स्कूलों की लिस्ट जारी होगी। अफसरों का कहना है कि ऐसे हिंदी मीडियम स्कूल जहां छात्रों की संख्या कम है। उन स्कूलों को इंग्लिश मीडियम में तब्दील किया जा सकता है।

सीजी बोर्ड का सिलेबस

यह स्पष्ट कर दिया गया है कि सरकारी इंग्लिश स्कूलों का सिलेबस छत्तीसगढ़ बोर्ड (सीजी बोर्ड) पर आधारित होगा। पिछले साल से यह चर्चाएं जोर पकड़ रही थीं कि सरकारी स्कूलों को इस बार इंग्लिश मीडियम में बदलकर सीबीएसई पैटर्न शुरू किया जाएगा। लेकिन अफसरों ने कहा कि इस साल ऐसा कोई प्लान नहीं है।

सरकारी स्कूलों को ऐसे बदला

पुराने भवन का पूरा रिनोवेशन किया गया।
लैब, हाॅल, मैदान और स्पोर्ट्स की सुविधा।
क्लासरूम का पैटर्न और फर्नीचर अलग।
स्कूल यूनिफार्म पूरी तरह बदल दी गई हैं।
इंग्लिश मीडियम के टीचर संविदा पर रखे।
“राजधानी में नए सत्र से ज्यादा संख्या में सरकारी इंग्लिश मीडियम स्कूल खोलने जा रहा हैं। इसके लिए स्कूल परिसरों का सर्वे कर रहे हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *