September 21, 2024

The News Wave

सच से सरोकार

बदल रहा अबूझमाड़, लिखी जा रही विकास की नई इबारत ,सरकार की पहली प्राथमिकता आदिवासियों का विकास-मंत्री श्री लखमा

1 min read
Spread the love

जिले को मिली 262 करोड़ की सौगात

हमारी सरकार के आते ही राजस्व सर्वे का काम हुआ शुरू

 

छत्तीसगढ़ समेत देश के विभिन्न राज्यों के हजारों धावक तथा केन्या के आए धावक भी ‘अबूझमाड़ पीस हॉफ मैराथन’ दौड़ में शामिल हुए। लोगों का यह जज्बा दिखाता है कि अब अबूझमाड़ में भय का नहीं बल्कि शांति का वातावरण बन रहा है। अबूझमाड़ बदल रहा है, यहां अब विकास की ईबारत लिखी जा रही है। ऐसा हम नहीं, इस क्षेत्र के लोग और बाहर से आने वालों के मुख से सुनी जा रही हैै। सरकार की पहली प्राथमिकता आदिवासियों के साथ ही उनके क्षेत्र का विकास करना है। अबूझमाड़ के लोगों को रोजगार से जोड़ जा रहा है। उक्त बातें आज यहां ओरछा विकासखंड के ग्राम बासिंग में अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के पुरस्कार वितरण एवं निर्माण कार्यो के लोकार्पण-भूमिपूजन-शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने आये आबकारी एवं उद्योग मंत्री श्री कवासी लखमा ने जनता को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि की आसंदी से कही। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के आते ही कई वर्षों से अबूझ रहे इस क्षेत्र में अब राजस्व सर्वे का काम शुरू किया जा रहा है। जिससे लोगों को अब उनकी भूमि का मालिकाना हक मिलने में आसानी होगी।
मंत्री श्री कवासी लखमा ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि अबूझमाड़ चारों ओर से घने जंगलों और पहाड़ों से घिरा है। यहां की भौगोलिक विषम परिस्थितियों के कारण कई समस्याएं हैं। इसके कारण यहां के युवाओं को रोजगार, के साथ ही विवाह समारोह आदि में भी दिक्कतें होती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं। इस क्षेत्र में अब छत्तीसगढ़ के ही नहीं बल्कि देश के विभिन्न राज्यों और विदेशी लोग भी दौड़ने और अबूझमाड़ की कला संस्कृति को समझने-देखने आने लगे हैं। यहां के लिए यह सुखद बात है। क्षेत्र के विकास के लिए राज्य सरकार की कई योजनाएं चल रही हैं। इससे इस ईलाके का ही नहीं बल्कि पूरे बस्तर क्षेत्र का विकास होगा। अब अबूझमाड़ में आवागमन के साधन सुगम और सरल हो गये हैं। लोग एक स्थान से दूसरे स्थान तक सरलतापूर्वक पहुंच रहे हैं।
मंत्री श्री कवासी लखमा द्वारा इस मौके पर लगभग 262 करोड़ के निर्माण कार्यो का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया गया। हितग्राहियों को राज्य सरकार की योजना के तहत् विभिन्न सामग्रियों का वितरण किया गया। अबूझमाडि़यों को कम्बल प्रदान किया गया। मंत्री श्री लखमा ने विजयी धावकों को नकद राशि से पुरस्कृत किया। कार्यक्रम को कोण्डागांव विधायक श्री मोहन मरकाम ने भी संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के तकरीबन 2 करोड़ 80 लाख लोगों के कल्याण के काम में लगी है। यहां के युवाओं को उनकी रूचि के अनुसार प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर प्रदान कर रही है। उन्हांेने मैराथन की सफलता के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के साथ समिति के हर सदस्य को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। विधायक श्री चंदन कश्यप ने कहा कि अबूझमाड अब धीरे-धीरे पूर्ण शांति की ओर लौट रहा है। युवा मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।

कलेक्टर श्री पी.एस. एल्मा ने अतिथियों का स्वागत किया और जिले के विकास कार्यो की जानकारी दी। कार्यक्रम में बस्तर सांसद श्री दीपक बैज, विधायक कोण्डागांव श्री मोहन मरकाम, विधायक नारायणपुर श्री चंदन कश्यप, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मांझी सहित पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज श्री सुंदरराज पी, पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *