किसानों को आर्थिक रूप से सबल बनाना सरकार का लक्ष्य : रविन्द्र चौबे

@thenewswave.com कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने आज जिला नारायणपुर में आयोजित किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी कार्यक्रम में शामिल हुए। मंत्री रविन्द्र चौबे ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान मेला आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य किसानों को बाहर की तकनीक के बारे में अवगत करवाना तथा कृषि में हो रहे नए-नए बदलावों की जानकारी देना है। किसान मेले में आकर अपने आप को नई तकनीक के साथ जोड़ सकते हैं तथा नए-नए उपकरणों के बारे में जान सकते है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का मुख्य लक्ष्य प्रदेश के किसानों को आर्थिक रूप से सबल बनाना है। उन्होंने कहा कि यहां के मेहनतकश किसानों को देखकर लगता है कि इस क्षेत्र के किसानों के साथ मिलकर कृषि के क्षेत्र में बहुत कुछ किया जा सकता है। रामकृष्ण मिशन आश्रम के खेल मैदान में आयोजित किसान मेला में रविन्द्र चौबे ने प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की आय में वृद्धि करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही हैं, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो सके। इसके लिए जरूरी है कि कृषि की उत्पादन लागत कम हो और अधिक उत्पादन प्राप्त हो एवं उपज का उचित मूल्य मिले। उन्होंने कहा कि किसानों की बेहतरी के लिए हमारी सरकार ने कई ऐतिहासिक फैसले लिए है, चाहे वह किसान ऋण माफी हो या 2500 रूपए प्रति क्विंटल धान खरीदी हो। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गरीब, किसानों और मजदूरों के लिए पूरी ईमानदारी के साथ काम कर रही है।